काशी विद्यापीठ छात्रसंघ चुनावः अध्यक्ष पद पर एबीवीपी का कब्जा, बाकी पदों पर इनकी हुई जीत

अध्यक्ष पद पर जीते एबीवीपी के विकास पटेल

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रसंघ चुनाव में दो साल बाद अध्यक्ष पद पर एक बार फिर से एबीवीपी पर कब्जा जमाया। अध्यक्ष पद पर 1634 वोटों से विकास पटेल ने जीत हासिल करते हुए प्रतिद्वंद्वी अंबिका प्रसाद को हराया। वहीं अन्य तीन पदों पर समाजवादी छात्र सभा ने जीत हासिल की है। महामंत्री पद पर दिग्वंत पांडेय ने जीत हासिल की। वहीं उपाध्यक्ष पद पर पवन कुमार यादव और पुस्तकालय मंत्री पद पर रोशन कुमार राय जीते।  काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव के तहत रविवार को मतदान हुआ। सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक हुए मतदान में 46.8 प्रतिशत वोटिंग हुई। दोपहर साढ़े तीन बजे के बाद मतगणना शुरू हुई। अध्यक्ष पद पर शुरुआत से ही विकास पटेल ने बढ़त बना रखी थी। वहीं महामंत्री पद पर दिग्वंत पांडेय शुरुआती दौर से आगे रहे। करीब सवा घंटे के बाद मतगणना पूरी हुई।

चुनाव में अध्यक्ष पद अध्यक्ष विकास पटेल ने 2720 वोट मिले। वहीं महामंत्री दिग्वंत पांडेय को 2278, उपाध्यक्ष पवन कुमार यादव को 1658 और पुस्तकालय मंत्री रोशन कुमार राय को 1762 वोट मिले। इसी तरह मानविकी संकाय प्रतिनिधि सूरज कुमार पांडेय 132 वोट से जीते। समाज विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पवन कुमार 260 वोट हासिल कर जीते।

समाज कार्य संकाय प्रतिनिधि पद पर अमित जायसवाल ने 111 वोट हासिल कर जीत दर्ज कराई। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय प्रतिनिधि उत्तम सिंह यादव चुने गए। इन्हें 175 वोट मिले। मतगणना के बाद सभी पदाधिकारियों को कुलपति प्रो. टीएन सिंह ने शपथ ग्रहण कराया। पुलिस की सुरक्षा में सभी को उनके घर तक पहुंचाया गया। 

एबीवीपी समर्थकों ने किया हंगामा

 मतगणना के बाद शपथ ग्रहण समारोह में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के समर्थकों ने हंगामा कर दिया। उनकी मांग थी कि विजेता प्रत्याशी के शपथ ग्रहण में उन्हें भी शामिल होने दिया जाए। सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर दीवार लांघ कर करीब 50 से अधिक समर्थक जहां शपथ ग्रहण चल रहा था वहां पहुंच गए। उनका आरोप था कि इससे पहले समाजवादी छात्र सभा के प्रत्याशी जब जब जीते हैं, उनके समर्थक शपथ ग्रहण समारोह में रहे हैं। हालांकि पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर मामला शांत कराया। 

इन्हें मिले इतने वोट

अध्यक्ष : विकास पटेल - 2760, अंबिका प्रसाद - 1126, विरेंद्र - 68
महामंत्री : दिगवंत पांडेय - 2278 व अंशु कुमार मिश्रा - 1668
उपाध्यक्ष : पवन कुमार यादव - 1902, प्रीत सौरभ मिश्रा - 1658, आशु कुमार वर्मा - 312, राजन कुमार यादव - 81
पुस्तकालय मंत्री : रोशन कुमार राय - 1762, विनय मौर्या - 1614, राजकिरन कुमार मौया - 324, अंकित कुमार बेनवंशी - 156, आकाश कुमार गुप्ता - 113

संकाय प्रतिनिधि

मानविकी संकाय : सूरज कुमार पांडेय - 821, मंगल यादव - 689
समाज विज्ञान संकाय : पवन कुमार - 260, रविकांत - 231, पंकज कुमार - 138, राघवेंद्र विक्रम सिंह - 78
समाज कार्य संकाय : अमित जायसवाल - 111, रोहित कुमार गिरी - 69, सचिन वर्मा - 33
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय : उत्तम सिंह यादव - 175, अमन सिंह - 156, गोलू प्रसाद सोनकर - 133

Comments